खाने-पीने की चीजों का अनावश्यक स्टोरेज न करें  
खाने-पीने की चीजों का अनावश्यक स्टोरेज न करें

 



जबलपुर | कलेक्टर भरत यादव ने जिले के नागरिकों से कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलने के भय से मास्क और सेनिटाइजर सहित खाने-पीने की वस्तुओं का अनावश्यक भण्डारण न करने का आग्रह किया है। श्री यादव ने इस बारे में आज एक अपील जारी कर नागरिकों से कहा है कि जबलपुर जिले में ऐसी कोई स्थिति नहीं है और न ही लोगों को चिंता करने या घबराने की जरूरत है।
    श्री यादव ने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह चौकस है।  लोगों को मास्क और हैंड सेनिटाइजर की कमी भी नहीं होने दी जायेगी।  उन्होंने बताया कि केन्द्रीय जेल और वृद्धाश्रम के साथ-साथ अब रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर से भी बड़ी संख्या में मास्क बनवाये जा रहे हैं, जो आम नागरिकों को उपलब्ध कराये जायेंगे। हैंड सेनिटाइजर का भी औद्योगिक क्षेत्र रिछाई स्थित निजी कंपनी द्वारा बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू कर दिया गया है।
         कलेक्टर ने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण के रोकथाम के उपायों के चलते खान-पान, सब्जियों, फल एवं राशन की आपूर्ति बंद नहीं होने वाली है। इस गलत आशंका से की इनकी आपूर्ति बाधित हो सकती है लोगों को दैनिक उपयोग की इन वस्तुओं का अनावश्यक भंडारण करने से बचना होगा। श्री यादव ने नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने का अनुरोध किया है।